कटनी | शहर के मोस्ट वांटेड सटोरिया विनय वीरवानी को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। विनय पर इंटरपोल द्वारा जारी लुकआउट नोटिस था। दो साल से फरार चल रहे विनय के खिलाफ हत्या के प्रयास और ₹40 लाख की अवैध वसूली सहित कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस की पुष्टि
एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि विनय को कटनी लाने के लिए विशेष टीम रवाना कर दी गई है। वहां पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
गैंगवार की जड़ बना था ₹40 लाख का वसूली कांड
जनवरी 2025 में माधवनगर निवासी राकेश मोटवानी की शिकायत पर विनय के खिलाफ हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज की गई थी। इसी केस के बाद कटनी में सियासी माहौल गरमा गया था। इसके बाद विनय दुबई फरार हो गया था। उसके साथियों पर भी बीएनएस की धारा 296 और अन्य धाराओं में मामला दर्ज हुआ।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और सट्टे का साम्राज्य
विनय पर पहले से भी कई जुए और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े मामले दर्ज हैं। माधवनगर थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के अनुसार 2016, 2018 और 2022 में भी उस पर संगठित अपराधों की शिकायतें थीं। बताया जा रहा है कि शहर के सट्टा किंग ने अपने काले कारोबार की बागडोर विनय को सौंपी थी।
इंटरपोल का लुकआउट नोटिस और ₹10,000 का इनाम
विनय के विदेशी संपर्कों और ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क को देखते हुए इंटरपोल ने फरवरी 2025 में लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। साथ ही ₹10,000 का इनाम भी घोषित किया गया था।
इस गिरफ्तारी से कटनी पुलिस को बड़ी राहत मिली है, और उम्मीद की जा रही है कि पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।



